Header AD

Ticker

6/recent/ticker-posts

उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षक उमाशंकर साहू ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ से सम्मानित

 उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षक उमाशंकर साहू ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ से सम्मानित



भानपुरी (बस्तर)। विकासखंड बस्तर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला ओंडारकोट में कार्यरत शिक्षक उमाशंकर साहू को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिले में “पोस्ट ऑफ द मंथ” सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के हाथों प्रदान किया गया, जिसमें उन्हें प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

यह सम्मान समारोह गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में आयोजित “नन्हे सितारे” कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा विभाग बस्तर एवं ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर कलेक्टर महोदय ने कहा कि “परिस्थितियाँ कैसी भी हों, यदि हम अपने कार्य को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करते हैं, तो सफलता अवश्य मिलती है।” उन्होंने समर्पण के साथ बच्चों के समग्र विकास हेतु कार्य कर रहे सभी शिक्षकों की सराहना की।

इस सम्मान समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.आर. बघेल, जिला मिशन समन्वयक श्री अशोक पांडेय, कृषि महाविद्यालय के डीन, बस्तर बीईओ भारती देवांगन, बीआरसी आजाम्बर कोर्राम सहित सभी ब्लॉकों के शिक्षा विभाग के अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

“पोस्ट ऑफ द मंथ” पुरस्कार, ओपन लिंक्स फाउंडेशन के “आचार्य विनोबा भावे सहायक शिक्षक कार्यक्रम” के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु नवाचार करने वाले शिक्षकों को पहचान और प्रोत्साहन देना है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत “बोलेगा बचपन”, कविता वाचन, कहानी वाचन एवं स्पोकन इंग्लिश मॉर्निंग असेंबली जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के भाषा एवं अभिव्यक्ति कौशल को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

जिला स्तरीय सम्मानित शिक्षकों में डोमेन्द्र गंगबेर, थलेश गंजीर, मीनाक्षी गावड़े, पूर्णिमा मंडावी तथा ब्लॉक स्तरीय शिक्षकों में रामेश्वरी कश्यप, अपर्णा पाल, संगीता सोरी, उपासना साहू, हेमलता कश्यप सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे, जिन्होंने अपने नवाचार और समर्पण से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।

इस अवसर पर ओपन लिंक्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं जिले के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए तथा शिक्षा सुधार के निरंतर प्रयासों के संकल्प के साथ किया गया।

Post a Comment

0 Comments