Header AD

Ticker

6/recent/ticker-posts

नेत्र परीक्षण के बाद चश्मा मिलते ही खिल उठे नन्हे चेहरे, अब साफ दिखेगी पढ़ाई की दुनिया

 नेत्र परीक्षण के बाद चश्मा मिलते ही खिल उठे नन्हे चेहरे, अब साफ दिखेगी पढ़ाई की दुनिया


बस्तर। विकासखंड बस्तर के उच्च प्राथमिक शाला भुरसुण्डी में स्कूली छात्र-छात्राओं का नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। परीक्षण के दौरान कई बच्चों ने पढ़ाई करते समय धुंधला दिखाई देने और दूर के शब्द स्पष्ट न दिखने की समस्या बताई। जांच के बाद जिन विद्यार्थियों की दृष्टि में कमी पाई गई, उन्हें तत्काल चश्मे वितरित किए गए।

नेत्र परीक्षण के दौरान छात्र धनसाय भारती, विजय मौर्य, मनीषा तथा गोवर्धन कश्यप को पढ़ाई के दौरान दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई। नेत्र सहायकों ने जांच उपरांत उन्हें चश्मा प्रदान किया। चश्मा पहनते ही बच्चों को पुस्तक के अक्षर स्पष्ट दिखाई देने लगे और पढ़ाई में आ रही कठिनाई दूर हो गई। बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान और उनकी आंखों में झलकती खुशी इस पहल की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण बनी।

संस्था में दर्ज कुल 68 विद्यार्थियों में से 59 छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही, जिनका नेत्र परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

इस अवसर पर नेत्र सहायक अधिकारी तिलक नाग, नेत्र सहायक श्रीमती योगिता नाग, संस्था प्रभारी शैलेन्द्र तिवारी, शिक्षिका श्रीमती रश्मि नेताम, सुश्री हेमलता कश्यप, शिक्षक भूतेश्वर पांडे एवं लोकेश रावटे सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Post a Comment

0 Comments