शासकीय कन्या शिक्षा परिसर परचनपाल में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव
बस्तर। शासकीय कन्या शिक्षा परिसर परचनपाल में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन संस्था के प्राचार्य श्री ए.आर. नोन्हारे के निर्देशन में किया गया, जिसमें नवप्रवेशी छात्राओं का आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्राओं ने भी दीप प्रज्ज्वलन में सहभागिता निभाई। इसके पश्चात पूर्व छात्राओं ने स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नई छात्राओं का अभिनंदन किया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण से सराबोर हो गया।
प्राचार्य श्री ए.आर. नोन्हारे ने नवप्रवेशी छात्राओं को तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण करते हुए उनका स्वागत किया। इस आत्मीय सम्मान से छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। नवप्रवेशी छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यालय का वातावरण अनुशासित, प्रेरणादायक एवं अध्ययन के अनुकूल है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ अध्ययन कर अपने विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन करेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री ए.आर. नोन्हारे ने छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन, संस्कार एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का आह्वान किया। प्रधानाध्यापक श्री प्रद्युत कुमार पांडेय तथा व्याख्याता श्रीमती मीनाक्षी पांडेय ने भी छात्राओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास और लक्ष्य निर्धारण के संबंध में प्रेरक संदेश दिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका कुमारी आरती कोसले ने प्रभावशाली ढंग से किया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में छात्राओं ने शाला प्रवेशोत्सव के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। प्राचार्य श्री ए.आर. नोन्हारे ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए नवशैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं।
शाला प्रवेशोत्सव ने नवप्रवेशी छात्राओं में आत्मविश्वास, अपनत्व और शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया तथा विद्यालय परिवार ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ नई शुरुआत का संदेश दिया।

0 Comments