आपको अच्छी सेहत चाहिए तो साइकल चलाइये
साइकल चलाना कभी हमारी जरूरत का हिस्सा होता था, लेकिन अब बेहतर व्यायाम के साधन के तौर पर भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। साइक्लिंग आपको चुस्त रखता है। साइक्लिंग के ऐसे अनेक फायदों के बारे में बता रहा है पुष्पेन्द्र कश्यप
फिट रहने के लिए जरूरी है कि आप शारीरिक तौर पर सक्रिय रहें। वर्तमान में व्यस्तता भरी दिनचर्या में अगर आपके पास अलग से व्यायाम करने का समय नहीं है तो साइकल चलाना आपके लिए बेहतर विकल्प बन सकता है। नियमित तौर पर साइकल चलाकर आप न केवल चुस्त रह सकते हैं, बल्कि मोटापे, दिल संबंधी बीमारियों, कैंसर, मानसिक बीमारी, डायबिटीज और आर्थाइटिस जैसी स्वास्थ्य समस्याओं को भी मात दे सकते हैं। तो फिर देर किस बात की अपने रोजमर्रा के कामों के लिए स्कूटी और कार का इस्तेमाल करने की बजाए साइकल का इस्तेमाल करना शुरू करें और खुद को चुस्त बनाएं।
दूर होगा मोटापे का कहर
अगर आपका वजन ज्यादा है और आप जल्दी फिट होना चाहते हैं तो साइक्लिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। दिन में 15- 20 मिनट साइकल चलाकर आप शरीर की अतिरिक्त चर्बी को गला सकते है, लेकिन मोटापा कम करने के लिए साइकल चलाने के साथ-साथ आपको अपने आहार पर भी खास ध्यान देना होगा। अगर रोज साइकल चलाने का समय नहीं है तो कम से कम सप्ताह में दो बार एक घंटे साइक्लिंग करके भी अच्छी-खासी मात्रा में अतिरिक्त कैलरी बर्न किया जा सकता है।
दिल की सेहत रहेगी दुरूस्त
नियमित तौर पर साइकल चलाने को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर भी दिल को सेहतमंद बनाए रख सकते हैं। साइकल चलाने से फेफड़ों का व्यायाम होता है। इसकी वजह से अनायास होने वाले आघात, उच्च रक्तचाप और
दिल के दौरे जैसे हृदय के रोगों से बचाव हो सकता है। इससे आपकी मांसपेशियां मजबूत होती हैं और रक्त संचार ठीक रहने के अलावा रक्त में मसा का स्तर भी संतुलित रहता है।
मानसिक रूप से भी रहें फिट
जो लोग शारीरिक तौर पर सक्रिय रहते हैं और इसके लिए नियमित साइकल को दिनचर्या में शामिल करते हैं वे अन्य लोगों की तुलना में 32 प्रतिशत तक ज्यादा सेहतमंद रहते हैं। साइकल चलाकर आप खुद को मानसिक तौर पर भी सेहतमंद रख सकते हैं। बाहर जाकर लोगों से बातचीत करते हैं, प्रकृति के बीच समय बिताते हैं तो इससे सोच समझ का दायरा भी बढ़ता है। मानसिक तनाव दूर होता है और आप अवसाद या ऐसी किसी अन्य मानसिक बीमारी के खतरे से दूर रहते हैं।
बढ़ती है रोग प्रतिरोधक क्षमता
अगर आप किसी तरह का व्यायाम या साइक्लिंग करते हैं हैं तो आपकी श्वास प्रणाली दुरुस्त रहती है, जिसकी वजह से आप मौसम
बदलने से होने वाली आम समस्याओं जैसे सर्दी, जुकाम और फ्लू से से बचे रहते हैं। नियमित साइक्लिंग से आप बीमारी के खतरे को 40 प्रतिशत तक कम कर सकते हैं।
शुगर रहेगा नियंत्रित
बदलती जीवनशैली में शारीरिक सक्रियता की कमी और खानपान में लापरवाही बरतने की वजह से टाइप टू डायबिटीज के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अगर आप इससे बचना चाहती हैं तो अपने आहार में हरी पत्तेदार सब्जियों, अंकुरित अनाज, मौसमी फल आदि को शामिल करें और फास्टफूड को आहार से बाहर करें, साथ ही नियमित साइकल चलाएं। इससे आप खुद को डायबिटीज से बचा सकते हैं।
न करें नजरअंदाज
अगर आप डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारी से जूझ रहे हैं तो साइक्लिंग शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। मसल आप एक दिन में कितनी देर तक और किस समय साइकल चला सकते हैं, आपके लिए जिम साइक्लिंग फायदेमंद है या सड़क पर साइकल चलाना। ये सारी बातें विशेषज्ञ आपको बता सकेंगे। इसके अलावा अपने खान-पान का खासतौर पर ध्यान रखें, ताकि मोटापा दूर हो और कई बीमारियों के चंगुल में आने से भी बचे रहेंगे ।
अच्छी नींद के लिए साइकल कारगर है
पुष्पेन्द्र का कहना है की नियमित रूप से साइकिल चलाने से रात को अच्छी एवं गहरी नींद आता है जिससे स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहता है

0 Comments