Header AD

Ticker

6/recent/ticker-posts

बच्चों ने बनाए सीड बॉल, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल

 बच्चों ने बनाए सीड बॉल, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल


मिशन लाइफ फॉर इको क्लब के तहत माध्यमिक शाला लामकेर के विद्यार्थियों का सराहनीय प्रयास






। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए बस्तर विकासखंड के संकुल केंद्र लामकेर स्थित माध्यमिक शाला लामकेर के छात्र-छात्राओं ने मिशन लाइफ फॉर इको क्लब के अंतर्गत एक प्रेरणादायक अभियान शुरू किया है। विद्यालय के बच्चे स्वयं सीड बॉल (बीज गेंद) तैयार कर हरियाली बढ़ाने का अनूठा प्रयास कर रहे हैं।

विद्यालय प्रारंभ होने के साथ ही विद्यार्थी शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिदिन मिट्टी और गोबर की खाद से सीड बॉल तैयार करते हैं। इनमें स्थानीय प्रजातियों के विभिन्न वृक्षों के बीज सुरक्षित रखे जाते हैं। तैयार सीड बॉल को सड़क किनारे, खाली भूमि एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर बिखेरा जाता है। साथ ही ग्रामीणों और पालकों को भी सीड बॉल वितरित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पर्यावरणीय अभियान से जुड़ सकें।

बारिश का पानी मिलने पर इन सीड बॉल में मौजूद बीज स्वतः अंकुरित होकर पौधों का रूप ले लेते हैं। इस तकनीक की विशेषता यह है कि इसमें गड्ढा खोदने, पौधारोपण करने या नियमित सिंचाई की आवश्यकता नहीं होती। कम लागत में अधिक पौधे तैयार करने की यह सरल, प्रभावी और पर्यावरण अनुकूल विधि है।

विद्यालय के शिक्षक ईश्वर लाल बंजारे, संगीता शोरी, सोनामनी बघेल एवं इंदु कुजूर के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह और समर्पण के साथ इस अभियान में भाग ले रहे हैं। बच्चों का यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, बल्कि समाज को भी प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

माध्यमिक शाला लामकेर के विद्यार्थियों की यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यदि प्रत्येक विद्यालय इस प्रकार के नवाचार अपनाए, तो हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments