माध्यमिक शाला भूरसुंडी में उत्साहपूर्वक हुआ शाला प्रबंध समिति का गठन मंगला नाग बनी अध्यक्ष
ग्राम के वरिष्ठ शिक्षाविद् के रूप में सरपंच अमृत हुए चयनित
बस्तर विकासखंड के माध्यमिक शाला भूरसुंडी में शनिवार को पालकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति में शाला प्रबंध समिति (एसएमसी) का गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में पालकों ने विद्यालय के विकास, बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
सर्वसम्मति से श्रीमती मंगला नाग को समिति का अध्यक्ष तथा बुधराम बघेल को उपाध्यक्ष चुना गया। समिति के सदस्यों के रूप में जयमन कश्यप, अस्तुराम बघेल, श्रीमती मती बघेल, हीराराम बघेल, फूलचंद बघेल एवं सोमनराम यादव को शामिल किया गया।
समिति में वरिष्ठ शिक्षाविद के रूप में ग्राम भाटपाल के सरपंच अमृत कश्यप को विशेष रूप से स्थान दिया गया। संस्था के प्रभारी शैलेन्द्र तिवारी सचिव तथा वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती रश्मि नेताम समिति की सदस्य के रूप में शामिल हुईं।
बैठक के दौरान संस्था प्रभारी शैलेन्द्र तिवारी ने पालकों को शाला प्रबंध समिति के गठन का उद्देश्य, विद्यालय के विकास में समिति की भूमिका तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यालय के प्रति पालकों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पालकों ने भी विद्यालय के सर्वांगीण विकास में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। नवगठित समिति के गठन से विद्यालय परिवार एवं पालकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ तथा सभी ने मिलकर विद्यालय को उत्कृष्ट बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्था के शिक्षक भूतेश्वर पांडे, सुश्री हेमलता कश्यप, लोकेश रावटे, पालक। सामनाथ कश्यप,श्रीमती सतो बघेल, श्रीमती कुसुम मौर्य, बुदसन यादव,संपत बघेल भृत्य पीलू राम नाग मुख्य रूप से मौजूद थे।

0 Comments